अन्तर्राष्ट्रीयस्पोर्ट्स

पाक को हराकर भारतीय हॉकी टीम ने जीता स्वर्ण

indian hockey_1इंचियोन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 16 बरस के लंबे इंतजार के बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता जबकि महिला 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम ने भी पीला तमगा हासिल करके भारत को 17वें एशियाई खेलों की पदक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंचा दिया। भारतीय हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर स्वर्ण जीता और रियो ओलंपिक 2016 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। वहीं, महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम ने एशियाई खेलों की रिकार्ड टाइमिंग के साथ पीला तमगा हासिल किया। इस टीम में प्रियंका पंवार, टिंटू लुका, मनदीप कौर और एम आर पूवम्मा शामिल थी। मुक्केबाजी में सतीश कुमार (प्लस 91 किलो) और विकास कृष्णन (75 किलो) ने कांस्य पदक जीते। भारत ने आज कुल चार पदक अपने नाम किए और कल रात 11वें स्थान पर रहने के बाद आज दो पायदान चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गया। भारत के अब कुल 54 पदक हो गए हैं जिनमें नौ स्वर्ण, नौ रजत और 36 कांस्य शामिल है। चीन 321 पदक के साथ पहले जबकि दक्षिण कोरिया दूसरे और जापान तीसरे स्थान पर है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button