
वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 21 विभागों की 103 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने हैं। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम राघोपुर से शुरू होगा, जहां वे नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे राजापाकर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बुधवार देर शाम जाफरपट्टी में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रशासन ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। डीएम के मुताबिक, सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रतिनियुक्ति के साथ संयुक्त आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
राघोपुर में नीतीश सेतु का निरीक्षण, राजापाकर में होगी जनसभा
प्रधानमंत्री सबसे पहले राघोपुर पहुंचेंगे और वहां नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद उनका काफिला राजापाकर स्थित निर्धारित कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा। यहां आयोजित जनसभा में वे लोगों को संबोधित करेंगे। इसी मंच से 21 विभागों की 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
एक लाख लोगों के पहुंचने की व्यवस्था, बनाए गए 14 पार्किंग स्थल
प्रशासन ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए कुल 14 स्थान निर्धारित किए गए हैं। बस, चारपहिया वाहन, मोटरसाइकिल और टोटो के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। लोगों की सुविधा के लिए मार्गों पर संकेतक भी लगाए जा रहे हैं।
प्रत्येक पार्किंग स्थल पर बैठने की जगह, शौचालय, पेयजल, दीदी की रसोई और सुधा डेयरी के पार्लर की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा जनसंचार प्रणाली और नियंत्रण कक्ष भी बनाए जाएंगे। मुख्य सभा स्थल पर भी पर्याप्त शौचालय और पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पार्किंग और सभा स्थल की क्षमता के अनुसार कम से कम एक लाख लोगों के पहुंचने पर भी व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।
प्रधानमंत्री के आने से दो घंटे पहले सिक्सलेन पुल पर रोकेंगे वाहन
डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि उद्घाटन के दिन पुल पर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा, लेकिन प्रधानमंत्री के पहुंचने से कम से कम दो घंटे पहले सिक्सलेन पुल पर यातायात बंद कर दिया जाएगा। इससे पहले लोगों को पुल से गुजरने की अनुमति रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह 11 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंच जाएं, ताकि बैठने की व्यवस्था में परेशानी न हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि आवागमन पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है। निर्धारित मार्गों से टोटो और मोटरसाइकिल के जरिए भी लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। आसपास के जिलों के अधिकारियों के साथ भी यातायात व्यवस्था को लेकर समन्वय किया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति न बने।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी पुलिस
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के रास्तों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने मुख्यमंत्री को सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
समीक्षा बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभा स्थल तक पहुंचने के रास्तों और वाहनों के परिचालन को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य रास्ते रहेंगे खाली, प्रवेश द्वार बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभा स्थल तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों को खाली रखा जाए, ताकि लोगों और वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश भी दिए, जिससे लोगों को सभा में पहुंचने में आसानी हो।
सम्राट चौधरी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा है। प्रशासन का पूरा जोर प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात और आम लोगों की सुविधाओं को व्यवस्थित बनाए रखने पर है।



