महिला आरक्षण और परिसीमन पर बड़ा फैसला संभव! संसद के विशेष सत्र से पहले आज PM मोदी की अहम कैबिनेट बैठक

नई दिल्ली: संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सक्रिय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक में प्रस्तावित कुछ संशोधनों पर चर्चा हो सकती है। सरकार की तैयारी 30 नवंबर को लोकसभा में इस विधेयक को पेश करने की है। ऐसे में कैबिनेट की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
बैठक में शामिल होने के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों को सूचना भेजी गई है। सरकार की कोशिश लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को आगे बढ़ाने की है। इसके लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी की जा रही है।
लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव
प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रावधान शामिल हो सकता है। इसके जरिए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी है।
इससे पहले अप्रैल में आयोजित संसद के विशेष सत्र के दौरान भी सरकार ने यह विधेयक पेश किया था, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण इसे पारित नहीं कराया जा सका था। अब सरकार नए सिरे से इस विधेयक को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक
संसद की आगामी कार्यवाही के लिए सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का प्रस्ताव रखा है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक पूरी हो सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, संसद की यह बैठक जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बुलाई जा रही है।
यह बैठक संसद के मानसून सत्र का ही विस्तार होगी। गौरतलब है कि 13 अगस्त को संसद को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है।
संविधान संशोधन विधेयक के लिए 361 वोटों की जरूरत
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा। 543 निर्वाचित सीटों वाली लोकसभा में इसके लिए 361 वोटों की आवश्यकता बताई गई है। फिलहाल सदन की तीन सीटें खाली हैं और कुल सदस्य संख्या 540 है।
सत्तारूढ़ एनडीए के पास करीब 320 सांसद बताए जा रहे हैं। ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को अन्य दलों का समर्थन जुटाना होगा। अप्रैल में विधेयक पारित नहीं हो पाने के बाद राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव आया है। विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने की बात सामने आई है। इनमें तृणमूल कांग्रेस के 20 और शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद शामिल बताए गए हैं।
इसके बावजूद सरकार को संविधान संशोधन विधेयक के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। डीएमके के 22 और शरदचंद्र पवार की एनसीपी के आठ सांसदों की भूमिका भी इस मामले में महत्वपूर्ण हो सकती है।
कांग्रेस ने भी तैयार की संसद सत्र की रणनीति
वहीं, संसद के विशेष सत्र को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की संसदीय रणनीति समूह की बैठक शुक्रवार को शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। इसमें संसद की आगामी कार्यवाही के दौरान पार्टी का रुख और सरकार के प्रस्तावित विधेयक को लेकर रणनीति तय करने पर चर्चा होगी।



