फीचर्डराष्ट्रीय

मोदी का छोटा चुस्त मंत्रिमंडल हो रहा तैयार

Modi_Fनई दिल्ली । केंद्र में सोमवार को सत्तासीन हो रही नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल को लेकर अटकलों का बाजार गर्म रहने के बीच रविवार को इसका आकार छोटा रहने का संकेत उभरा है जिसमें भाजपा नेता राजनाथ सिंह अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को संभवत: महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जा सकते हैं। इस तरह के संकेत पार्टी सूत्रों ने दिए। पार्टी सूत्रों ने कहा कि मंत्रिमंडल चुस्त रहने का अनुमान है। सरकार में पुनर्गठन की संभावना है और कुछ मंत्रालयों को समायोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष राजनाथ सिंह का अगला गृह मंत्री बनना तय है लेकिन आंतरिक सुरक्षा का भार गृह मंत्रालय से छीन कर प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ संबद्ध किया जा सकता है। अब पार्टी में राजनाथ की जगह कौन लेंगे इसपर मंथन चल रहा है। इस पद के लिए पार्टी महासचिव और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री जे. पी. नड्डा का नाम सबसे आगे चल रहा है। अरुण जेटली को वित्त मंत्रालय का भार सौंपे जाने का अनुमान है तो सुषमा स्वराज को विदेश या रक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। रविशंकर प्रसाद नजमा हेपतुल्ला सुमित्रा महाजन और अनंत कुमार को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद है। मंत्रिमंडल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी शिव सेना और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) को भी प्रतिनिधित्व मिलने के आसार हैं। तेदेपा प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को मोदी से मुलाकात भी की। नायडू ने मुलाकात के बाद हालांकि यह कहा कि मंत्रिमंडल का पद महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा ‘‘मैंने प्रतिनिधित्व पर कोई बात नहीं की।’’ नायडू ने कहा ‘‘हम राजग के सहयोगी हैं सत्ता महत्वपूर्ण नहीं है राष्ट्रीय विकास महत्वपूर्ण है। आंध्र और तेलंगाना दोनों जगह समस्याएं हैं। उनके (मोदी के) नेतृत्व में हम उनका समाधान चाहते हैं।’’हालांकि हैदराबाद में तेदेपा सूत्रों ने कहा कि अशोक गजपति राजू को तेदेपा से मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है। माना जा रहा है कि नायडू और मोदी की मुलाकात में इस बारे में फैसला लिया गया है। सहयोगी शिवसेना ने हालांकि कहा है कि उसे मंत्रिमंडल में उचित प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है। शिव सेना के वरिष्ठ नेता सुभाष देसाई ने कहा ‘‘केंद्र सरकार में शिव सेना अच्छी स्थिति में रहने की उम्मीद करती है। भाजपा ने हमें आश्वासन दिया है।’’ देसाई ने कहा ‘‘हमे विश्वास है। हम इस बात की न तो परवाह कर रहे हैं और न ही चिंता कर रहे हैं कि शिव सेना को उचित भागीदारी मिलेगी या नहीं।’’ सूत्रों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में दो सीटें जीतने वाला अपना दल भी मंत्रिमंडल में जगह पाने की जुगत भिड़ाने में जुटा है। राजनाथ सिंह ने इस बीच मेनका गांधी उदित राज और विजय गोयल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता सुरेश सोनी के साथ रविवार को मुलाकात की।

Related Articles

Back to top button