लखनऊ

योग हमारी प्राचीन परम्परा का अमूल्य उपहार: आदित्यनाथ

सीएमएस के 72-सदस्यीय छात्र दल को मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
लखनऊ। आगामी 21 जून को तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन करने वाले सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 72-सदस्यीय छात्र दल ने आज मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं प्राप्त कर सी.एम.एस. छात्र व शिक्षक खुशी से अभिभूत दिखे। इस अवसर पर धर्मसिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री, आयुष, मोहिसिन रजा, राज्यमंत्री, आयुष, अवनीश अवस्थी, आई.ए.एस., प्रमुख सचिव, सूचना, सुधीर दीक्षित, आई.ए.एस., सचिव, आयुष, यतीन्द्र मोहन, आई.ए.एस., विशेष सचिव, आयुष, डा. जगदीश गांधी, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद्, डा. भारती गांधी, सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका, प्रो. गीता गांधी किंगडन, प्रेसीडेन्ट, सी.एम.एस., रोशन गांधी फॉरुही, डायरेक्टर, स्ट्रेटजी, सी.एम.एस., आभा अनन्त, प्रधानाचार्या, सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस, हरि ओम शर्मा, मुख्य जन-संपर्क अधिकारी, सी.एम.एस., संतोष तिवारी, ओ.एस.डी., सी.एम.एस. आदि उपस्थित थे। विदित हो कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल का 72 सदस्यीय छात्र दल अमेरिका की शैक्षिक यात्रा पर रवाना हो रहा है जो आगामी 21 जून को  तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा तथापि योग प्रदर्शन कर देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित करेगा।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सी.एम.एस. छात्रों की प्रशंसा करते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन परम्परा का अमूल्य उपहार है जो तन व मन दोनों को स्वस्थ रखता है और ईश्वर से जोड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सी.एम.एस. छात्रों द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ में योग प्रदर्शन से प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित होगा। मैं आप सभी छात्रों व शिक्षकों को शुभकामनाएं देता हूँ एवं अपेक्षा करता हूँ कि आप एकता, शान्ति, सद्भाव एवं वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को विश्व के कोने-कोने में पहुंचाने हेतु तत्पर रहेंगे। इससे पहले, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र दल को समय देने हेतु मुख्यमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डा. जगदीश गाँधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि आप द्वारा बच्चों को दिया गया यह अमूल्य समय निश्चित ही बच्चों के जीवन का एक यादगार पल साबित होगा जो सदैव उनका मार्गदर्शन करता रहेगा। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन करने वाले सी.एम.एस. के 72 सदस्यीय छात्र दल में सी.एम.एस. महानगर, स्टेशन रोड, गोमती नगर (प्रथम व द्वितीय कैम्पस), चौक एवं राजेन्द्र नगर कैम्पस के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सी.एम.एस. छात्र 12 जून को अमेरिका के लिए रवाना होंगे एवं 24 जून को स्वदेश लौटेंगे। इस यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्र अमेरिका के जॉन एफ केनेडी स्पेस सेन्टर समेत कई दर्शनीय स्थलों पर भी जायेंगे।

Related Articles

Back to top button