उत्तराखंडटॉप न्यूज़राजनीतिराज्य

शक्तिमान की टांग काटकर डॉक्टरों ने लगाई कृत्रिम टांग

shaktimaan_landscape_1458239732एजेन्सी/उत्तराखंड में विधानसभा घेराव के दौरान घायल हुए शक्तिमान की टांग काटकर डॉक्टरों ने देर रात उसके स्थान पर कृत्रिम टांग लगा दी है। घोड़ा अब सही सलामत कृत्रिम टांग पर खड़ा भी हो गया है।

पुलिस के घोड़े शक्तिमान की टांग बचाने की सारी कोशिशें नाकाम हो गईं। गैंग्रीन होने की आशंका के चलते अब उसका पैर काटने के अलावा कोई चारा नहीं था। अमेरिका और मुंबई से आए डॉक्टरों की मौजूदगी में करीब 40 मिनट आपरेशन में टांग को शरीर से अलग किया गया।

उधर, सर्जरी कारगर न होने के कारण शक्तिमान दिन भर तड़पता रहा। बुधवार देर रात खड़ा करने के प्रयास में लिफ्टिंग मशीन टूट जाने के कारण वो धड़ाम से नीचे गिर गया था। सर्जरी के बाद मंगलवार को उम्मीद जगी थी कि शक्तिमान की स्थिति में सुधार आएगा।बुधवार को सुबह से उसे खड़ा करने की कवायद शुरू हो गई थी। पहले लिफ्टिंग मशीन छोटी पड़ जाने के कारण रात को फिर दूसरी मशीन लगाई गई। लिफ्टिंग मशीन टूट जाने के कारण वो धड़ाम से नीचे गिर गया।

इसके बाद तमाम प्रयास रोक दिए गए। बृहस्पतिवार सुबह को शक्तिमान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दर्द के कारण वह छटपटाता रहा। चिकित्सकों के प्रयास के बाद भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं आया। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने आर्मी के पशु चिकित्सकों को बुलाने के लिए आईएमए के अलावा सहारनपुर तक बात की।

दोपहर में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अमेरिका की महिला सर्जन जैनी मैरी वॉन और मुंबई के सर्जन डॉ. फिरोज को रिसीव करने के लिए पुलिस टीम लगा दी गई थी, लेकिन उनकी फ्लाइट लेट होती चली गई। जैनी भूटान से सीधे दिल्ली पहुंचीं। रात भर उन्हें बुलाने की तमाम औपचारिकताएं पूरी की गईं।

शाम के समय दोनों सर्जन आए तो पुलिस की जान में जान आई। डॉक्टरों ने शक्तिमान का परीक्षण करने के बाद टांग काटने का निर्णय लिया। रात में आपरेशन कर बाएं टांग को अलग कर दिया गया। उधर, एसएसपी डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि शक्तिमान की जान बचाने के लिए यह जरूरी था। उसके स्थान पर कृत्रिम टांग लगा दी गई है।
 
पीड़ा में टांग पटकता रहा शक्तिमान
सर्जरी की गई टांग में पीड़ा के कारण शक्तिमान दिन भर पैर पटकता रहा। इस कारण पैर जख्मी होने के साथ सर्जरी की पट्टी भी उधड़ गई है। पुलिस जवानों ने उसकी छटपटाहट कम करने की भरसक कोशिश की, लेकिन शक्तिमान का दर्द असहनीय था। चिकित्सकों की टीम ने तमाम प्रयास किए, लेकिन वो सब बेकार गए। 

तिरपाल व्यापारी ने बनाई नई लिफ्टिंग मशीन 
जनमानस भी शक्तिमान को बचाने के लिए मदद करने में पीछे नहीं है। मोती बाजार के तिरपाल कारोबारी सरदार सुरेंद्र सिंह और भाई नरेंद्र सिंह ने शक्तिमान को खड़ा करने के लिए नई लिफ्टिंग मशीन तैयार कर दी है। रात में उन्हें बुलाकर यह काम सौंपा गया। तीसरे पहर दोनों भाई तिरपाल और गद्दों से बनी लिफ्टिंग मशीन को तैयार कर ले गए। दोनों भाइयों ने मशीन के खर्च को लेने से इंकार कर दिया है। उनका कहना था कि इस बेजुबान की लाइफ से बड़ा कुछ नहीं है।

Related Articles

Back to top button