राज्यलखनऊ

सपाइयों ने कुर्ता उतार साफ की लोहिया की प्रतिमा

statue-561c7458d092f_exlstदस्तक टाइम्स/एजेंसी लखनऊ:  महापुरुषों के प्रति नगर निगम ने अड़ियल और नकारात्मक रुख अपना रखा है। बकरीद के दिन स्वामी विवेकानंद और दादा बनारसी दास की प्रतिमाओं को ढकवा दिया तो सोमवार को तो हद ही कर दी। समाजवादी विचारक लोहिया की प्रतिमा पुण्यतिथि के दिन गंदी पड़ी रही।

प्रतिमा के आसपास कूड़े के ढेर लगे रहे। ज्ञापन दिए जाने के बाद भी नगर निगम ने सफाई नहीं की तो सूचना के बाद भी नगर आयुक्त बेपरवाह दिखे। सोमवार की सुबह सपाई टोली के रूप में माल्यार्पण को पहुंचे तो प्रतिमा पर गंदगी देख उनका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा।

आखिरकार उन्होंने कपड़ों को उतारकर डा. लोहिया की प्रतिमा की सफाई शुरू कर दी। जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त को खूब खरी खोटी सुनाई।

नीतेश अग्रवाल जैन, उदयवीर सिंह यादव के साथ ही अन्य सपाई डा.लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने को सीढ़ी लगाकर जैसे ही चढ़े तो प्रतिमा पर धूल की परतें देखकर वह हैरान थे।

 
नीतेश अग्रवाल ने खुद ही अपने कुर्ते को उतारा और प्रतिमा को साफ करना शुरू कर दिया। सपा के जिलाध्यक्ष ने निगम के अफसरों से बात करने और शीघ्र ही बुलाने की बात कही, लेकिन गुस्से में तमतमाए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नहीं सुनी।

बाद में सपा नेता एकत्रित होकर नगर निगम पहुंचे। वहां अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सपा नेताओं के मध्य काफी हॉट-टॉक हो गई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को खूब खरी खोटी सुनाई।

अपर नगर आयुक्त ने सुपरवाइजर एवं सेनेटरी इंसपेक्टर को बुलाकर मामले की जानकारी ली। महानगर अध्यक्ष हाशिम मंसूरी, नितिन जैन सहित काफी सपाई मौजूद थे।

लोहिया जी की प्रतिमा की सफाई कार्य में लापरवाही पर सुपरवाइजर अनिल कपूर को निलंबित कर दिया। सेनेटरी इंसपेक्टर संदीप भार्गव को कारण बताओ नोटिस दिया है।
 

समाजवादी चिंतक एवं प्रचारक डा. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर गांधी लोहिया विचार मंच द्वारा गांधीपार्क में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। मंच के सभी सदस्यों ने लोहिया जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

प्रदेश महासचिव गिरीश जोशी ने कहा कि नगर निगम प्रशासन कमीशनखोरी में मस्त है। वह महानायकों की प्रतिमा की सफाई तक नहीं करा सकता। प्रदेश उपाध्यक्ष फिरोज आदिल ने कहा कि लोहिया जी ने हमेशा गरीब मजदूर, एवं समाज के दबे पिछड़ों और किसान के हित की बात की।

डा. डीआर वर्मा ने कहा ने नगर निगम प्रशासन एवं समाजवादियों के लिए यह शर्म की बात है कि महानायक लोहिया जी की प्रतिमा के गले में एक माला भी न पड़ पाए। ऐसे लापरवाह नगर आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश वर्मा ने आभार जताया। मौके पर लालबहादुर शर्मा, गिरीश जोशी, जमुना प्रसाद शर्मा, रमेशचंद्र वर्मा, बलवीर सिंह किशवाहा, राजाराम, सत्यभान वर्मा मौजूद थे।

 

Related Articles

Back to top button