उत्तर प्रदेशफीचर्ड

सिर्फ समाजवादी पार्टी ही रोक सकती है भाजपा को: अखिलेश

आगरा: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा को रोकने और उसका सामना करने का दम सिर्फ सपा में है। सपा के 10वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश को लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। आज निर्वाचन की घोषणा होने के बाद अपने पहले संबोधन में सपा अध्यक्ष ने कहा, आज देश के जो हालात हैं, वह किसी से छुपे नहीं हैं। आज ना केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का किसान संकट में है। भाजपा के लोगों ने प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन जो कर्ज माफ होना चाहिये, वह नहीं हुआ। अखिलेश ने कहा, भाजपा का सामना करने और उसे रोकने का काम सिर्फ समाजवादी पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से जीएसटी की व्यवस्था बनायी गयी है, उससे बड़े पैमाने पर उद्योग और व्यापारी संकट में आ गये हैं। नोटबंदी से जो व्यापार रुका था वह जीएसटी के कारण बंद हो गया। इन दोनों ने मिलकर नौजवानों का रोजगार छीन लिया है।

अखिलेश ने कहा, हम समाजवादी लोगों को संकल्प लेना होगा कि हम उनके पहाड़ जैसे झूठ का पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, उसका झूठ भी उतने ही बड़ पहाड़ जैसा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आहवान किया कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा उत्तर प्रदेश और अपनी मौजूदगी वाले अन्य राज्यों में बड़ ताकत से लोकसभा में पहुंचे। हमें संकल्प करना होगा कि सपा और उसकी साइकिल और तेजी से आगे बढ़ती जाए। अखिलेश ने इस मौके पर अपने पिता व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उनकी मुलायम से कई बार फोन पर बात हुई और उनसे आशीर्वाद भी मिला। उन्होंने कहा, हमने नेताजी (मुलायम) से भी कहा था कि आज सम्मेलन होने जा रहा है, अगर आप आएंगे तो हम सभी को बहुत अच्छा लगेगा। मैंने उनसे कल भी बात की। सम्मेलन में आने से पहले भी बात की और कहा कि सम्मेलन बहुत बड़ होगा लेकिन अगर आपका आशीर्वाद नहीं होगा तो पार्टी आगे नहीं बढ़ेगी। इस पर नेताजी ने हम सबको फोन पर आशीर्वाद दिया है। मालूम हो कि सपा के इस अधिवेशन में मुलायम ने शिरकत नहीं की है। बाद में अपने समापन भाषण में अखिलेश ने कहा कि मुलायम सिंह ने उन का मनोबल बढ़ाया है। नौजवान सपा के साथ खड़े हैं और आने वाले चुनाव में पार्टी और ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी।

Related Articles

Back to top button