बिहार के 11.18 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का घर, केंद्र ने जारी की बड़ी मंजूरी; कार्यक्रम में 2.35 लाख लोगों को मिली चाबी

पटना: बिहार के गरीब परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2026-27 के लिए बिहार में 11 लाख 18 हजार प्रधानमंत्री आवासों की मंजूरी देने की घोषणा की। पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने नए आवासों के स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपे। इस दौरान राज्य के 2 लाख 35 हजार लाभुकों को निर्मित पक्के मकानों की चाबी भी दी गई।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार की कोई भी गरीब बहन अब कच्चे मकान में नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में 11.18 लाख पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। आगे होने वाले सर्वे में जो परिवार अभी इस योजना से छूट गए हैं, उनके लिए भी पक्के मकान बनाए जाएंगे।
जीविका दीदियों के लिए बनेगा भारत सरकार हाट
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि जीविका दीदियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार हाट बनाएगी। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार मिल सकेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी बताया कि बिहार में फसल बीमा योजना लागू की जा रही है। इससे राज्य के किसानों को लाभ मिलेगा।
सम्राट चौधरी ने पर्यटन स्थलों पर हाट बनाने का किया आग्रह
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़े हाट बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन हाटों के जरिए जीविका दीदियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बड़ा बाजार मिल सकेगा।
वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने वंदे मातरम गीत को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम का पूरा गान नहीं करने का फैसला करके देश और संविधान का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस के इस निर्णय को सहन नहीं करेगा और उसे वंदे मातरम गाना पड़ेगा।
राजद पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने राजद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद के शासनकाल में बिहार में जंगलराज, भ्रष्टाचार और अपराध था। उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।



