मध्य प्रदेश

12 ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का दौरा चर्चा में, सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल पर उठे सवाल, अफसरों का पूरा अमला रहा तैनात

इंदौर: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इंदौर, ओंकारेश्वर और महेश्वर के दो दिवसीय दौरे को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने स्वयं बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का संकल्प लिया था, जिसकी पूर्णाहुति अब ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन-पूजन के साथ हुई है। 23 वर्ष बाद संकल्प पूरा होने पर उन्होंने भगवान महादेव के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की। हालांकि इस धार्मिक यात्रा के दौरान सरकारी संसाधनों और प्रशासनिक व्यवस्था के व्यापक इस्तेमाल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

23 साल पुराना संकल्प हुआ पूरा

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि दो दशक से अधिक समय पहले लिया गया उनका संकल्प अब ओंकारेश्वर और ममलेश्वर में दर्शन के साथ पूरा हो गया। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना की और इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण आध्यात्मिक क्षण बताया। दूसरी ओर, आम श्रद्धालुओं को जहां गर्भगृह से दूर रहकर लंबे इंतजार के बाद दर्शन करने पड़ते हैं, वहीं इस दौरे में विशेष व्यवस्थाएं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पत्रकारों के सवालों से बनाई दूरी

दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया और केवल अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने अपनी आध्यात्मिक यात्रा और भगवान शिव के प्रति आस्था का उल्लेख किया। उनकी इस यात्रा की शुरुआत इंदौर आगमन से हुई, जहां एयरपोर्ट पर संभागायुक्त, कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

बीएलओ बैठक को लेकर भी उठे सवाल

इंदौर पहुंचने के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने लता मंगेशकर सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक को दौरे को आधिकारिक स्वरूप देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम की तैयारियों में जिला प्रशासन पिछले चार से पांच महीनों से जुटा हुआ था।

आला अफसर पूरे दौरे में रहे सक्रिय

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे के दौरान प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, एसपी आगम जैन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में प्रशासनिक अमला सक्रिय नजर आया।

इंदौर से ओंकारेश्वर और महेश्वर तक चला वाहनों का काफिला

हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचाने की अपील किए जाने के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इंदौर से ओंकारेश्वर और फिर महेश्वर तक के दौरे में सरकारी वाहनों का लंबा काफिला भी चर्चा का विषय बना रहा। इसके अलावा जनसंपर्क विभाग की टीम ने भी पूरे दौरे की कवरेज की। एयरपोर्ट आगमन, बीएलओ बैठक, ओंकारेश्वर दर्शन और महेश्वर भ्रमण से जुड़ी तस्वीरें और समाचार आधिकारिक स्तर पर जारी किए गए।

महेश्वर में भी प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

ओंकारेश्वर दर्शन के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त महेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने देवी अहिल्याबाई किला संग्रहालय और नर्मदा तट का भ्रमण किया। इस दौरान महेश्वर में भी कलेक्टर भव्या मित्तल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं में तैनात रहे।

Related Articles

Back to top button