उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस विधायक को लेकर नया विवाद, पांच गंभीर धाराओं में दर्ज FIR को चुनौती; हाईकोर्ट ने जांच में सहयोग करने का दिया निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के विधायक हरीश धामी एक गंभीर कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी थाने में उनके खिलाफ दर्ज FIR के मामले में उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा। मामला इतना गंभीर है कि FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की पांच धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त न्यायालयीन आदेश के अनुसार, जौलजीबी थाने में 15 नवंबर 2026 को FIR संख्या 0014/2026 दर्ज की गई थी। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 लगाई गई हैं। इस FIR को चुनौती देते हुए हरीश धामी एवं एक अन्य याचिकाकर्ता ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में आपराधिक रिट याचिका संख्या WPCRL/2357/2026 दाखिल की।
गिरफ्तारी से पहले कानूनी प्रक्रिया का संरक्षण, जांच में सहयोग करने का निर्देश
23 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की पीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ने गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की मांग की।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि चूंकि संबंधित धाराओं में अधिकतम सात वर्ष तक के दंड का प्रावधान है, इसलिए गिरफ्तारी से पहले BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी करने की प्रक्रिया का पालन किया जाए। न्यायालय ने साथ ही याचिकाकर्ताओं को जांच में सहयोग करने का निर्देश भी दिया।
राजनीति में नैतिकता पर सवाल

इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के राजनीतिक और नैतिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता के बीच रहने और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि वे स्वयं भी कानून के प्रति पूरी जवाबदेही प्रदर्शित करें।
किसी विधायक के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज होना निश्चित तौर पर सार्वजनिक जवाबदेही का विषय है। अब हरीश धामी के सामने सबसे बड़ी चुनौती जांच में सहयोग करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों का कानूनी जवाब देना है।
सवाल यह है कि क्या कांग्रेस अपने विधायक से इन गंभीर आरोपों पर सार्वजनिक जवाब मांगेगी? न्यायालय में याचिका का निस्तारण हो चुका है, लेकिन FIR की जांच और उसमें लगाए गए आरोपों का अंतिम निष्कर्ष अभी सामने आना बाकी है।



