उत्तराखंड

बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर महादेव के दरबार पहुंचे CM धामी, जलाभिषेक कर मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद

श्रीनगर गढ़वाल: बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। इस दौरान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही और पूरा परिसर भक्ति के रंग में नजर आया।

मंदिर के महंत श्री108 आशुतोष पुरी महाराज ने मुख्यमंत्री से विधि-विधान के साथ भगवान कमलेश्वर का पूजन कराया। पूजा के दौरान धामी ने प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद मांगा।

बैकुंठ चतुर्दशी पर सुबह से उमड़े श्रद्धालु

बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सुबह से ही कमलेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और उन्हें रुई की बातियां अर्पित कीं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।

संतान की कामना के लिए किया जाता है खड़ा दीया अनुष्ठान

कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी का सबसे खास आकर्षण खड़ा दीया अनुष्ठान है। मान्यता है कि संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले नि:संतान दंपती इस दिन पूरी रात हाथों में जलता हुआ दीपक लेकर खड़े रहते हैं। इसी परंपरा को खड़ा दीया अनुष्ठान कहा जाता है।

इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव को 365 रुई की बातियां भी अर्पित करते हैं। इन बातियों को वर्ष के 365 दिनों का प्रतीक माना जाता है। भक्त इनके माध्यम से पूरे साल भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।

आधी रात तक कर सकेंगे जलाभिषेक और बातियां अर्पित

मंदिर के महंत आशुतोष पुरी महाराज के अनुसार, श्रद्धालु रात 12 बजे तक भगवान कमलेश्वर को बातियां अर्पित करने के साथ जलाभिषेक कर सकेंगे। वहीं, गोधूलि बेला में शुभ मुहूर्त के अनुसार खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button