International News - अन्तर्राष्ट्रीय

दक्षिण कोरिया में चक्रवाती तूफान से 20 हजार लोग बेघर

सियोल : दक्षिण कोरिया में आया चक्रवाती तूफान हजारों लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। बीस हजार लोग बेघर हो गए हैं, वहीं सैकड़ों स्कूल बंद करने पड़े हैं। जानकारी के मुताबिक दक्षिण कोरिया में उष्णकटिबंधीय चक्रवात टाइफून हिनामनोर मुसीबत बन गयी है। इस कारण बीस हजार से अधिक लोग घर छोड़ने को मजबूर हो गये हैं। दक्षिण कोरिया के आंतरिक और सुरक्षा मंत्रालय के अनुसार भयंकर बारिश और हवाओं ने सैकड़ों पेड़ों और सड़कों को नष्ट कर दिया। बिजली संकट इस कदर बढ़ गया है कि बीस हजार से अधिक घर अंधेरे में आ गए हैं। देशभर में छह सौ से अधिक स्कूल बंद कर दिये गए हैं। 250 से अधिक उड़ानें और 70 नौका सेवाएं रोक दी गईं। 66,000 से अधिक मछली पकड़ने वाली नौकाएं समुद्र में फंस गयीं, जिन्हें बंदरगाहों तक पहुंचाया गया।

प्रधानमंत्री हान डुक-सू ने बताया कि बाढ़ की चपेट में आने वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिनामनोर चक्रवाती तूफान बड़ी आपदा है, जिसे दक्षिण कोरिया के लोगों ने पहले कभी अनुभव नहीं किया था। दक्षिण कोरिया की मौसम एजेंसी ने कहा कि हिनामनोर के कारण भारी बारिश और 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। रविवार से जेजू के मध्य भाग में 94 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जहां हवाओं की रफ्तार एक बार 155 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति तक पहुंच गई थी।

Related Articles

Back to top button