
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दूसरे दिन 4,700 बी2बी बैठकें, 412 समझौते; 54.2 मिलियन डॉलर के कारोबार का अनुमान
ग्रेटर नोएडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख निर्यात और निवेश केंद्र के तौर पर स्थापित करने की दिशा में आयोजित चतुर्थ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 दूसरे दिन भी कारोबार और वैश्विक व्यापारिक संवाद का बड़ा मंच बना रहा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे पांच दिवसीय ट्रेड शो के दूसरे दिन शनिवार को विदेशी खरीदारों और प्रदेश के प्रतिभागी प्रदर्शकों के बीच करीब 4,700 बी2बी बैठकें हुईं। इन बैठकों के बाद 412 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनका अनुमानित व्यावसायिक मूल्य करीब 54.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर है।
दूसरे दिन के इन आंकड़ों से उत्तर प्रदेश के उत्पादों और सेवाओं में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की रुचि का पता चलता है। साथ ही, ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के निर्यातकों, उद्यमियों और एमएसएमई को वैश्विक बाजार से सीधे जोड़ने का अवसर मिल रहा है। रिवर्स बायर-सेलर मीट के माध्यम से विदेशी खरीदारों और प्रदेश के उद्यमियों के बीच आमने-सामने बातचीत हो रही है, जिससे संभावित कारोबारी साझेदारियों को समझौतों में बदलने का रास्ता तैयार हो रहा है।
पहले दिन हुई थीं 2,800 से अधिक बी2बी बैठकें
यूपीआईटीएस के पहले दिन हॉल नंबर-17 में बनाए गए विशेष बी2बी क्षेत्र में 2,800 से अधिक व्यावसायिक बैठकें हुई थीं। इनमें उत्तर प्रदेश के करीब 500 एमएसएमई ने हिस्सा लिया था। इस दौरान लगभग 140 करोड़ रुपये की व्यावसायिक पूछताछ दर्ज की गई थी।
विदेशी खरीदारों और भारतीय विक्रेताओं के बीच सीधे संवाद से अलग-अलग उत्पाद और सेवा क्षेत्रों में कारोबारी संभावनाओं को तलाशने का मौका मिला।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
योगी सरकार की ओर से आयोजित यूपीआईटीएस का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों, सेवाओं, निर्यातकों और एमएसएमई को वैश्विक बाजार से जोड़ना है। इसके साथ ही प्रदेश में निवेश और व्यापारिक साझेदारी के नए अवसर तैयार करना भी ट्रेड शो का प्रमुख उद्देश्य है।
ट्रेड शो में भारतीय निर्माता, निर्यातक, एमएसएमई, निवेशक, वैश्विक खरीदार और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडल एक ही मंच पर मौजूद हैं। ‘स्थानीय से वैश्विक’ की दिशा में यह मंच प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक सीधे पहुंच बनाने का अवसर दे रहा है।
विशेष रूप से रिवर्स बायर-सेलर मीट और व्यवस्थित बी2बी संवाद के जरिए उत्पादों के प्रदर्शन के साथ वास्तविक कारोबारी संपर्क और संभावित निर्यात सौदों पर बातचीत की जा रही है।
29 सितंबर तक चलेगा यूपीआईटीएस-2026
यूपीआईटीएस-2026 आगामी 29 सितंबर तक जारी रहेगा। आयोजकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी बी2बी बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। इसके साथ ही और अधिक व्यापारिक समझौतों तथा कारोबारी परिणाम सामने आने की संभावना है।



