मध्य प्रदेश

MP: कांग्रेस विधायक भैरू सिंह बापू पर टूटा दुखों का पहाड़, 35 साल के बेटे का हार्ट अटैक से निधन

आगर मालवा: मध्य प्रदेश के सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरू सिंह बापू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 35 वर्षीय बेटे गजेंद्र सिंह परिहार उर्फ बबलू बना का अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी जान चली गई। इस खबर के सामने आने के बाद आगर मालवा जिले से लेकर राजनीतिक गलियारों और राजस्थान तक शोक की लहर फैल गई है।

पैतृक गांव रतनपुरा में हुआ अंतिम संस्कार

गजेंद्र सिंह परिहार के आकस्मिक निधन से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव रतनपुरा में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।

जीतू पटवारी समेत कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख

विधायक के बेटे के निधन की खबर से कांग्रेस पार्टी में भी शोक की लहर दौड़ गई। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए दुख व्यक्त किया।

जीतू पटवारी ने अपने संदेश में गजेंद्र सिंह परिहार (बबलू) के असामयिक निधन को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने परिहार परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक

बबलू बना के निधन की खबर के बाद क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने भी शोक व्यक्त किया। विधायक भैरू सिंह बापू के परिवार के प्रति संवेदनाएं जताने का सिलसिला जारी है।

Related Articles

Back to top button