उत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव को योगी की खुली चुनौती, बोले- जिम्मेदारों की पीढ़ियां याद रखेंगी कार्रवाई

गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय बताते हुए कहा कि पार्टी में माफिया और गुंडों को संरक्षण मिलता रहा है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह आज शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि 12-13 साल के मासूम बच्चे की आखिर क्या गलती थी? उन्होंने कहा कि बच्चा पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान फैली अराजकता की वजह से उसकी जान चली गई। योगी ने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़क पर अव्यवस्था और अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं।

सपा शासन पर भी साधा निशाना, लगाए शोषण के आरोप

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि सपा गुंडागर्दी और दंगों की पर्याय रही है। पार्टी ने जनता को धोखा दिया और उसका शोषण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब एक बार फिर ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोरखपुर की घटना के बाद माफिया को संरक्षण देने वाले लोग चुप्पी साधे हुए हैं और उनकी ओर से संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया।

अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, ‘चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।’ योगी ने आरोप लगाया कि कमजोर व्यक्ति सामने से मुकाबला करने के बजाय पीछे से वार करता है।

राम के नाम का जिक्र करते हुए भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्तों को अच्छे दिनों में राम याद आते हैं, जबकि दुर्जनों के अंतिम समय में भी उनके मुंह से राम का नाम निकलता है। इसके लिए उन्होंने मारीच का उदाहरण दिया।

हैदराबाद के मौलाना और ओवैसी पर भी टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दिनों हैदराबाद के मौलाना मचल रहे हैं और ये सब उन्हीं के लोग हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मी पुरम की सौगात दे देंगे।’

योगी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि कुछ लोग अराजकता फैलाकर जबरन जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार खारिज कर रही है।

अखिलेश के रोड शो में कैसे गई 12 साल के आर्यवर्धन की जान?

बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था। उसके पिता ओंकार सिंह स्थानीय भाजपा नेता बताए गए हैं।

परिजनों का आरोप है कि रोड शो के दौरान जिस जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

वहीं, अखिलेश यादव ने हादसे पर कहा था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने रोड शो के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने की बात भी कही थी। दूसरी ओर, पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button