अन्तर्राष्ट्रीय

US कैपिटल में मनाया जाएगा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’, 75 भारतीय-अमेरिकी संगठन करेंगे आयोजन

वाशिंगटन : भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यूएस कैपिटल (अमेरिकी संसद भवन) में 14 सितंबर से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। यह आयोजन 75 भारतीय-अमेरिकी संगठनों की ओर से आयोजित होगा। यूएस-इंडिया रिलेशनशिप काउंसिल के सीईओ व आयोजन समिति के अध्यक्ष जशवंत पटेल ने कहा, यह आयोजन 75 संगठनों को एक साथ लाएगा।

जसवंत पटेल ने कहा, यह अनूठा कार्यक्रम यूएस कैपिटल में भारत की आजादी के उत्सव में एक प्रतीक होगा। इस दौरान भारत की अनूठी संस्कृति और विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा, भारतीय प्रवासी संगठन इस अवसर का उपयोग भारत की समृद्ध परंपरा, उसके नायकों, लोगों और उनकी उपलब्धियों को याद करने के लिए करेंगे।

आयोजकों की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि पिछले 75 वर्षों में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारतीय-अमेरिकी समुदाय की उपलब्धियों में स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, मानवाधिकार, स्थिरता, पर्यावरणीय स्वास्थ्य सहित अन्य शामिल हैं। उन्होंने कहा, सबसे पुराने एवं सबसे बड़े लोकतंत्र अमेरिका और भारत ने कई क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम किया है। इस मौके पर कैलिफोर्निया के पूर्व जल आयुक्त और आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अशोक भट्ट ने कहा कि अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू कैपिटल हिल में सम्मानित अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में कई अमेरिकी सांसदों के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button