दिल्लीब्रेकिंग

दिल्‍ली-एनसीआर के इलाकों में हो रही झमाझम बारिश

नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर आ रही है। जहां बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं ज्यादातर जगहों पर आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर होते-होते पार्लियामेंट और राजघाट इलाके में मूसलाधार बारिश हुई। इसी के साथ शाम को फिर झमाझम बारिश के पूरे आसार बन रहे हैं। दिल्ली के साथ इससे सटे हरियाणा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों मेें भी बारिश होगी। इसी के साथ 25-30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाओं के चलने के भी आसार हैं। दिल्ली के साथ पानीपत, करनाल, गन्नौर, बागपत, सोनीपत, रोहतक, खरखौंदा, बड़ौत, जींद, जज्झर में अगले दो घंटे में हल्की बारिश होगी। बृहस्पतिवार को जगह-जगह हुई बारिश खेती के लिए काफी लाभकारी है। पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्था के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जेपीएस डबास का कहना है कि अभी खरीफ सीजन की फसलों की बुवाई के लिए बारिश का होना बेहद जरूरी है। धान की रोपाई के लिए लिहाज से भी यह समय उपयुक्त है। धान की रोपाई की दृष्टि से अभी बारिश की सख्त जरूरत है। गन्ने की फसल, फलदार पौधों को भी बारिश की जरूरत है। दिल्ली में बारिश का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। अगले 48 से 72 घंटे में दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, इस बार हल्की बारिश के साथ मानसून दस्तक देगा और झमाझम बरसात के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। तब तक उमस भी परेशान करती रहेगी। दिल्ली में मानसून पूर्व बारिश की संभावना काफी कम है, लेकिन मानसून के लिए उपयुक्त माहौल बन चुका है। पूर्व की तरफ से आ रही हवा ने तापमान में कमी कर दी है, लेकिन उमस बेहाल कर रही है। बुधवार को भी बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से दो डिग्री अधिक था। मंगलवार की तुलना में धूप हल्की रही। हवा में नमी का स्तर 41 से 74 फीसद तक बना रहा। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार-शनिवार तक मानसून आ जाएगा। 15 जुलाई तक हल्की बारिश होगी। इसके बाद ही झमाझम बारिश की उम्मीद है। हालांकि, तापमान अब 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। बादल छाए रहेंगे, लेकिन उमस बेचैन करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button