मध्य प्रदेश

सुमित्रा बाल्मीकि को भाजपा ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया,आज नामांकन दाखिल करेंगी

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा बाल्मीकि को प्रत्याशी बनाया है। सुमित्रा जबलपुर नगर निगम में तीन बार पार्षद पर पर रही हैं। वे कानून की जानकार हैं। अनुसूचित जाति वर्ग की सुमित्रा को प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने सभी को चौंका दिया है। पार्टी ने सोमवार को देर रात राज्यसभा के दूसरे प्रत्याशी की घोषणा की। इससे पहले ओबीसी वर्ग की कविता पाटीदार को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। सुमित्रा बाल्मीकि आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

सुमित्रा बाल्मीकि जबलपुर नगर निगम में तीन बार निर्वाचित तथा एक बार की एल्डर मेन पार्षद रही हैं। इसके अलावा वे नगर निगम अध्यक्ष भी रह चुकी है। इसके अलावा मप्र सफाई कर्मचारी आयोग में सदस्य भी रही। सुमित्रा बाल्मीकि ने बताया 1993 में वे भाजपा में शामिल हुई थी। उनका करीब 29 साल का राजनीतिक करियर है। सोमवार की रात उन्हें संगठन की तरफ से फोन पर राज्यसभा सदस्य के तौर पर नामांकन दाखिल करने की जानकारी मिली। जिसके बाद वे देर रात ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हो गईं। जहां सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पहले मुलाकात करेंगी। उसके पश्चात नामांकन की प्रक्रिया होगी। सुमित्रा बाल्मीकि 1999 में पहली बार पार्षद निर्वाचित हुई थी। वे जबलपुर महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष भी रहीं।

कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए एक बार फिर विवेक तन्खा को अपना उम्मीदवार बनाया है और वे भी जबलपुर से हैं। सोमवार को विवेक तन्खा ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया है।

Related Articles

Back to top button