हरियाणा

बड़े जनादेश से बनी सरकार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप, दुष्प्रचार है: सैनी

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश की जनता ने बड़े जनादेश के साथ सरकार बनायी है। इसके बावजूद विपक्ष द्वारा ‘वोट चोरी’ का भ्रम फैलाना न केवल निराधार है, बल्कि जनता के जनादेश का अपमान भी है। मुख्यमंत्री सोमवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक रामकुमार कश्यप द्वारा मतदाता सूची और चुनाव सुधारों से संबंधित लाये गये प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ अक्टूबर 2024 को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के समय विपक्ष को सब कुछ ठीक लग रहा था, लेकिन समय बीतने के साथ अचानक वोट चोरी जैसे आरोप लगाये जाने लगे। इतना ही नहीं, इस मुद्दे को हरियाणा से बाहर देश के अन्य हिस्सों तक ले जाने का भी प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हरियाणा का नाम लेकर लगाये गये आरोपों पर सदन में गंभीर और तथ्यात्मक चर्चा होनी चाहिए। यह चर्चा न तो चुनाव आयोग के खिलाफ है और न ही मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरुद्ध, बल्कि सच्चाई सामने लाने के लिए है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि विपक्ष के पास कोई ठोस सुझाव या तथ्य हैं, तो उन्हें सदन के समक्ष रखना चाहिए। इस प्रस्ताव पर चर्चा से जनता को पूरी और स्पष्ट जानकारी मिलेगी और भ्रम की स्थिति समाप्त होगी।

Related Articles

Back to top button