मथुरा से 2027 का सियासी संदेश: नितिन नवीन बोले—कभी बंदूक से चलती थी यूपी की सरकार, अब जनता के वोट से; फिर बनेगी भाजपा सरकार

मथुरा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को मथुरा की धरती से उत्तर प्रदेश की राजनीति और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। नितिन नवीन ने कहा कि मांट की धरती से यह संदेश पूरे प्रदेश में चला गया है कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ है।
यमुना एक्सप्रेसवे से आते हुए विदेशी शहर जैसा अनुभव
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए मथुरा आते समय ऐसा लगा मानो किसी विदेशी शहर में प्रवेश कर रहे हों। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे और सड़कों का जाल विकास की कहानी खुद बयां करता है और यह बदलाव बीते वर्षों में डबल इंजन सरकार के प्रयासों का परिणाम है।
2047 के विकसित भारत के संकल्प में यूपी की अहम भूमिका
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘2047 तक विकसित भारत’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों को जीरामजी जैसी योजनाओं के जरिए 125 दिन का रोजगार देकर सम्मान दिया जा रहा है। गरीब, किसान, मजदूर और युवा भाजपा की नीतियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
कृष्ण नगरी से अध्यक्षीय कार्यकाल की शुरुआत
नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका कृष्ण नगरी मथुरा में पहला प्रवास है। उन्होंने पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन में उत्तर प्रदेश आज ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्य विकास कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश इस बदलाव का नेतृत्व कर रहा है, जिसका श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।
संस्कृति और विरासत पर गर्व, हर सनातनी गौरवान्वित
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मथुरा में सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज हर सनातनी को गर्व की अनुभूति हो रही है। उत्तर प्रदेश की सड़कें और बुनियादी ढांचा विकसित देशों की तरह नजर आ रहे हैं। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए स्वच्छता और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने की प्रधानमंत्री की सोच की सराहना की।
कभी बंदूक से, अब लोकतंत्र से चल रही सरकार
नितिन नवीन ने तीखे शब्दों में कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में सरकार बंदूक की नोंक पर चलाई जाती थी, लेकिन आज सरकार जनता के वोट से बनती है। उन्होंने युवाओं से राजनीति में आगे आने और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ बनाने में योगदान देने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
पहली बार मथुरा आगमन, कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मथुरा पहुंचे नितिन नवीन का यमुना एक्सप्रेसवे के बाजना कट पर स्वागत किया गया। इसके बाद वह वृंदावन स्थित अक्षयपात्र परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ शामिल हुए।
बांके बिहारी के दर्शन और मांट विधायक के आवास पर श्रद्धांजलि
मन की बात कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन किए। इसके बाद वे मांट विधायक राजेश चौधरी के वेस्ट प्रताप नगर स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत उनकी माता को श्रद्धांजलि अर्पित की।



