देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW), श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया। यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी, प्रभावी और पूरी तरह तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरी तरह ऑनलाइन बना प्रशिक्षण सिस्टम
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रमिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस पोर्टल का विकास किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ उन्हें मिल सके।

उद्यमियों से फीडबैक लेकर रोजगार से जोड़ा जाएगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के उद्यमियों से कौशल आवश्यकताओं को लेकर नियमित फीडबैक लिया जाना चाहिए, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके। इससे प्रशिक्षित श्रमिकों को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय जरूरतों की पूर्ति स्थानीय श्रमिकों से हो सकेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही यह क्षेत्रीय जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होगा।
फॉरवर्ड लिंकेज मजबूत करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के बाद फॉरवर्ड लिंकेज को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा संचालित डीबीटी योजनाओं की सराहना करते हुए UKBOCW को अपनी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने को भी कहा।

पोर्टल से प्रशिक्षण व्यवस्था होगी पारदर्शी और जवाबदेह
श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभाग सभी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
कैसे काम करेगा श्रमिक प्रशिक्षण पोर्टल (TMS)
इस अवसर पर श्रमायुक्त पी.सी. दुमका ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि TMS पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं, मूल्यांकनकर्ताओं, प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशिक्षकों का चयन भारत सरकार में इम्पैनल्ड संस्थाओं और प्रमाणित व्यक्तियों से पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित किए जाएंगे।




