पंजाब

जालंधर में AAP नेता लक्की ओबरॉय की दिनदहाड़े हत्या, 13 गोलियां मारकर बदमाश फरार

जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। मॉडल टाउन इलाके में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।

थार गाड़ी में बैठे थे, बेहद नजदीक से बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक लक्की ओबरॉय किसी निजी काम से मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे थे। वह अपनी थार गाड़ी में बैठे हुए थे, तभी अचानक मौके पर पहुंचे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बेहद नजदीक से करीब 13 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे लक्की ओबरॉय गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
फायरिंग के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें श्री राम स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल में उनकी मौत की खबर फैलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी जयंत पुरी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

इलाके में तनाव, राजनीतिक हलकों में हलचल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मॉडल टाउन और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। वहीं, AAP नेता की हत्या से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button