पंजाब में हाईवे पर सरिए से लदे ट्राले में घुसी आई20 कार; चालक की हालत नाजुक, सड़क किनारे पार्किंग बनी कारण

राजपुरा। पंजाब के राजपुरा में बनूड़ हाईवे पर अजीजपुर टोल प्लाजा के नजदीक देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के कारण होने वाले हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क किनारे खड़े लोहे के सरियों से लदे एक ट्राले में तेज रफ्तार आई20 कार के पीछे से टकराने के कारण कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कुरड़ी निवासी रविंदर सिंह बीती रात अपनी आई20 कार से पटियाला से अपने घर लौट रहा था। जब वह गांव खिज्रगढ़ के सामने एक ढाबे के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खड़े सरिया लदे ट्राले के पीछे उसकी कार जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला बिना किसी स्पष्ट चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे खड़ा था, जिससे अंधेरे में वह साफ दिखाई नहीं दे रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद रविंदर सिंह को गंभीर चोटें आईं।
लोगों ने मुश्किल से चालक को निकाला बाहर
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद घायल को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है।
अवैध रूप से खड़े वाहन बन रहे कारण
उनका कहना है कि हाईवे पर ढाबों और टोल प्लाजा के आसपास भारी वाहन अक्सर अवैध रूप से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े ट्रालों और ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा रात के समय रिफ्लेक्टिव साइन और चेतावनी संकेत अनिवार्य किए जाएं।



