होली स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत, हरियाणा से अमृतसर-कटिहार और जोधपुर-मऊ रूट पर सेवाएं विस्तारित

अंबाला। होली के मौके पर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। हरियाणा क्षेत्र से गुजरने वाली कई ट्रेनों को जहां विस्तार दिया गया है, वहीं कुछ विशेष स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। इससे त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी।
अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल को मिला विस्तार
रेलवे ने ट्रेन संख्या 04654/04655 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर स्पेशल को 4 मार्च से 25 मार्च तक चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन अप और डाउन मिलाकर कुल चार चक्कर लगाएगी। इस विस्तार से पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा।
अमृतसर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की सौगात
रेलवे ने ट्रेन संख्या 04622/04621 अमृतसर-कटिहार-अमृतसर स्पेशल को 28 फरवरी से 2 मार्च तक चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन अमृतसर से चलकर ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंढारी कलां, सानहेवाल, साहिबजादा अजीत सिंह नगर, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उतरैतिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, जंघाई, वाराणसी, न्यू वेस्ट केबिन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बचवारा, बरौनी, खगड़िया, मानसी और नौगछिया होते हुए कटिहार पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन कटिहार से चलकर समान रूट से अमृतसर पहुंचेगी। इस स्पेशल सेवा से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
जोधपुर-मऊ जंक्शन स्पेशल भी संचालित
रेलवे ने ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ जंक्शन स्पेशल को भी होली के मद्देनजर चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 1 मार्च से 29 मार्च तक जोधपुर से चलेगी, जबकि मऊ जंक्शन से यह सेवा 3 मार्च से 31 मार्च तक उपलब्ध रहेगी। इससे राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों और सेवाओं के विस्तार का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।



