
अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से वैश्विक नेतृत्व करें युवा : बीआर सिंह
SMS में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 पर विज्ञान व नवाचार पर संगोष्ठी
लखनऊ : राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 28 फरवरी 2026 को, जब पूरा देश भारत के महान वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन द्वारा “रमन प्रभाव” की खोज पर प्राप्त नोबेल पुरस्कार की स्मृति में यह दिवस मना रहा था, उसी क्रम में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वर्ष 1986 से प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विज्ञान के प्रति जागरूकता और नवाचार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संस्थान के महानिदेशक डॉ. भरत राज सिंह रहे, जिन्होंने “विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान एवं नवाचार की भूमिका” विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से वैश्विक स्तर पर नेतृत्व स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सर सी.वी. रमन की लगन और वैज्ञानिक खोजों ने भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उन्होंने सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।डॉ. अमरजीत सिंह ने सर सी.वी. रमन के जीवन एवं वैज्ञानिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ.पी.के. सिंह, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण), अनूप सिंह ने क्रमशः स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. आशा कुलश्रेष्ठ, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. कमलेश सिंह, डॉ. अशोक सेन गुप्ता, डॉ. वेद कुमार, श्री सुनीत मिश्रा, श्री उमेश कुमार सिंह, श्री गौरव ओझा, श्री अनूप कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



