अपराधदिल्ली

दिल्ली में सनसनीखेज मर्डर का खुलासा: 70 वर्षीय ससुर ने 55 साल के दामाद की ली जान, कर्ज बना हत्या की वजह

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सात दिन पहले 55 वर्षीय व्यक्ति की सिर पर डंडा मारकर हत्या की गई थी, और अब जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का 70 वर्षीय ससुर ही निकला।

पुलिस ने आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पैसों का लेन-देन मुख्य वजह था।

16 मार्च को मिली थी पीसीआर कॉल, अस्पताल में हुई मौत

रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के अनुसार, 16 मार्च को घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल अवस्था में 55 वर्षीय अगलू को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया है। हालत गंभीर होने पर उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

30 हजार रुपये के कर्ज को लेकर हुआ था विवाद

जांच में सामने आया कि मृतक अगलू ने अपने ससुर दिनेश से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस न करने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर डंडे से हमला कर दिया, जिससे दामाद की जान चली गई।

मृतक की पत्नी सविता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

तकनीकी निगरानी और छापेमारी से गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी की तलाश में तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी का सहारा लिया। जांच के दौरान बिहार, उड़ीसा और भारत-नेपाल सीमा तक कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार आरोपी के कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button