पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 7 अप्रैल तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी

अमृतसर। पंजाब में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंडी हवाओं और नमी के प्रवाह के साथ कई जिलों में लगातार बादल छाए हुए हैं। इस कारण राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी है। विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है।
अलग-अलग जिलों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 3 अप्रैल को अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाओं का असर रहेगा। 4 अप्रैल को अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली में इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा।
मौसम में सुधार और फिर बदलाव
5 व 6 अप्रैल को राज्य में मौसम सामान्य रहेगा और कोई विशेष चेतावनी नहीं है। हालांकि 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का और मुक्तसर में फिर से बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है, इसलिए ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखना जरूरी है।



