Haryana Affordable Housing: घर खरीदना हुआ महंगा, अफोर्डेबल फ्लैट्स की कीमतों में 12% तक बढ़ोतरी

चंडीगढ़ से हरियाणा के घर खरीदारों के लिए बड़ा बदलाव सामने आया है। प्रदेश सरकार ने अफोर्डेबल ग्रुप हाउसिंग पॉलिसी में संशोधन करते हुए फ्लैट्स की कीमतों में 10 से 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के बाद अब राज्य के विभिन्न शहरों में अफोर्डेबल फ्लैट खरीदना पहले की तुलना में महंगा हो जाएगा।
सरकार ने जारी की नई दरें, तुरंत प्रभाव से लागू
नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और जिन परियोजनाओं में आवंटन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां इन्हें सीधे लागू किया जाएगा।
गुरुग्राम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
नई दरों के अनुसार गुरुग्राम में अफोर्डेबल फ्लैट्स की अधिकतम आवंटन दर 5000 रुपये प्रति वर्ग फीट से बढ़ाकर 5575 रुपये प्रति वर्ग फीट कर दी गई है। इसके अलावा बालकनी के लिए अलग से 1300 रुपये प्रति वर्ग फीट तक अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 1.30 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
फरीदाबाद और सोहना में भी बढ़े दाम
फरीदाबाद और सोहना में पहले जहां दरें 5000 रुपये प्रति वर्ग फीट थीं, अब इन्हें बढ़ाकर 5450 रुपये प्रति वर्ग फीट कर दिया गया है। यह बदलाव इन क्षेत्रों में भी तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
पंचकूला समेत अन्य शहरों में भी संशोधन
पंचकूला और अन्य हाई व मीडियम पोटेंशियल टाउन में दरें 4500 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति वर्ग फीट तय की गई हैं। वहीं लो-पोटेंशियल टाउन में कीमतें 3800 रुपये से बढ़ाकर 4250 रुपये प्रति वर्ग फीट कर दी गई हैं।
कार पार्किंग नियम भी सख्त
नई नीति के तहत अब हर फ्लैट के साथ एक कार पार्किंग अनिवार्य कर दी गई है, जिसकी लागत फ्लैट की कुल कीमत का करीब 10 प्रतिशत तक हो सकती है। इससे परियोजनाओं में बेहतर व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिल्डरों की रुचि बढ़ने की उम्मीद
सरकार का मानना है कि इस संशोधन से अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में बेहतर गुणवत्ता और सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि नए नियमों के बाद बिल्डर इन परियोजनाओं में फिर से अधिक रुचि दिखाएंगे और नए प्रोजेक्ट्स लॉन्च होंगे।



