उत्तर प्रदेशराज्य

काशी में पीएम मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी: महिला सम्मेलन से लेकर 6000 करोड़ की परियोजनाओं तक, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

वाराणसी में 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समय से और पूरी मुस्तैदी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि काशी में प्रधानमंत्री का स्वागत भव्य और ऐतिहासिक होना चाहिए, साथ ही महिला सम्मेलन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

50 हजार महिलाओं की भागीदारी वाला भव्य महिला सम्मेलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान बरेका परिसर में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा की ओर से 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी प्रस्तावित है। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

6000 करोड़ की 150 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
इस दौरे के दौरान काशी को बड़ी विकास सौगात भी मिलने जा रही है। लगभग 6000 करोड़ रुपये की लागत वाली करीब 150 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं की दोबारा समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे और सभी कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं।

स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्था पर सीएम योगी का विशेष फोकस
सीएम योगी ने पूरे शहर में एक सप्ताह पहले से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि काशी का स्वरूप स्वच्छ और आकर्षक दिखे। उन्होंने आवारा पशुओं और कुत्तों को आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने, स्ट्रीट वेंडरों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था बनाने और यातायात रूट डायवर्जन को इस तरह लागू करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

महिला सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पेयजल, पार्किंग और भीषण गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत और चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए गए।

परियोजनाओं की समीक्षा और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
बैठक के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की पुनः समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर किया जाए।

सीएम योगी ने रोप-वे परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने को कहा। इसके अलावा गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने बताया कि इसे जुलाई 2026 के पहले सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को भी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

उच्चस्तरीय बैठक में कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टांप एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Related Articles

Back to top button