उत्तर प्रदेशमेरठहापुड़

उत्तर प्रदेश विधान परिषद याचिका समिति ने मेरठ, बागपत व हापुड के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

सभापति ने कहा, अवशेष कार्यों को पूर्ण करते हुए समिति को कराये अवगत
जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के अधिकारियों को निर्देश
डीएम बोले, समिति द्वारा दिए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा सुनिश्चित


मेरठ न्यूज: मंगलवार को विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में जनपद मेरठ, बागपत एवं हापुड़ के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी द्वारा सभापति एवं समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।

विभिन्न विभागों के प्रकरणों की समीक्षा
समिति द्वारा नगर विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, पंचायती राज विभाग, सिंचाई विभाग के प्रकरणों की समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने सभापति को विकास कार्यों से अवगत कराया। सभापति ने कहा कि जो कार्य अवशेष रह गये हैं उसको पूर्ण करते हुये समिति को अवगत कराया जाए। जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुये विकास कार्यों में प्रगति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि जनपद में जो भी विकास कार्य हुए हैं शासनादेश के अनुसार उन विकास कार्यों के शिलापट्ट पर उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का नाम अवश्य अंकित हो।

तीव्र गति से बढ़ाए विकास कार्य
सभापति ने कहा कि विकास कार्यों को और तीव्र गति से आगे बढाया जाये। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। सभापति द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि विभागवार दिये गये निर्देशों का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए तथा अनुपालन आख्या से समिति को अवगत कराया जायेे।

डीएम वीके सिंह ने सभापति को किया आश्वस्त
जिलाधिकारी डा० वी०के० सिंह ने मा० सभापति को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता के साथ शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर समिति के सदस्य सदस्य अरूण पाठक, सदस्य धर्मेन्द्र भारद्वाज, सदस्य अश्वनी त्यागी, जिलाधिकारी डा० वीके सिंह, उपाध्यक्ष एमडीए संजय कुमार मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित संबंधित समस्त अधिकारी व समिति के अन्य गणमान्य व संबंधित अधिकारी तथा जनपद बागपत व हापुड के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button