पंजाब के मोहाली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में ब्लास्ट, 5 यात्री घायल

चंडीगढ़: मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची फ्लाइट 6E-108 के लैंड करते ही एक यात्री का पावर बैंक अचानक फट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के साथ ही विमान के अंदर धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई। हालात को देखते हुए क्रू ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया और यात्रियों को इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकालना शुरू किया। हालांकि, शुरुआती क्षणों में आपातकालीन द्वार खोलने में कुछ तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं।
इस हादसे में कम से कम पांच यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। विमान में लगी आग पर काबू पाने के लिए एयर होस्टेस और क्रू मेंबर्स ने फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया और काफी प्रयास के बाद स्थिति नियंत्रित की।
एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती तौर पर इसे पावर बैंक के ओवरहीट होने से हुआ हादसा माना जा रहा है। फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।



