Meerut News : मेरठ जिला जज को बार एसोसिएशन ने दी भावभीनी विदाई
मेरठ न्यूज : मेरठ बार एसोसिएशन मेरठ, ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजत सिंह जैन को भावभीनी विदाई दी है। इस दौरान मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि यह एक ऐसा अवसर है जो केवल एक विधिक दायित्व की पूर्णता नहीं, बल्कि एक युग की समाप्ति का सा अनुभव था। जैन साहब ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में जिस गरिमा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ मेरठ की न्यायिक व्यवस्था का नेतृत्व किया, वह न केवल सराहनीय रहा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श के रूप में स्थापित हुआ है।
मेरठ बार और बेंच के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया
उन्होंने कहा कि उनकी उपस्थिति ने यह दर्शाया कि न्याय केवल विधिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक नैतिक और सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। उनके द्वारा स्थापित संवाद, सौहार्द्र और दक्षता की परंपरा ने मेरठ बार और बेंच के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। न्याय प्रक्रिया में उनकी गंभीरता, धैर्य और मानवता का समावेश उन्हें एक न्यायप्रिय, सुलझे हुए और आदर्श न्यायाधीश के रूप में प्रतिष्ठित करता है।
यह विश्वास भी उतना ही गहरा
रजत सिंह जैन की विदाई मेरठ बार एसोसिएशन के लिए एक भावनात्मक क्षण था, लेकिन यह विश्वास भी उतना ही गहरा है कि वे जहाँ भी जाएंगे, वहां भी अपने न्यायिक विवेक, करुणा और सौम्यता से नई मिसालें कायम करेंगे। इस दौरान मेरठ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिला जज के उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी।



