उत्तर प्रदेशराज्य

आगरा में बनेगा नया स्पोर्ट्स स्टेडियम, योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला; खेल विभाग को मुफ्त मिलेगी 2.476 हेक्टेयर जमीन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में आगरा के बाह विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। इस फैसले से क्षेत्र में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।

कैबिनेट के निर्णय के मुताबिक, ग्राम पंचायत उगनपुरा की गाटा संख्या 181 में दर्ज 2.476 हेक्टेयर जमीन खेल विभाग को दी जाएगी। इसी भूमि पर स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। सरकार के मुताबिक, भूमि हस्तांतरण के इस फैसले से राज्य के खजाने पर फिलहाल कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध होने के बाद निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण और प्रतिभा दिखाने का मौका

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेडियम बनने से स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्हें खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के अवसर बढ़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि स्टेडियम के निर्माण से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिलेगा। वहीं, यहां प्रशिक्षण हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए भी भविष्य में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से आगरा के बाह क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button