राजस्थानराज्य

भीलवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: बजरी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, एक की मौके पर मौत; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। सदर थाना क्षेत्र के सावाईपुर के पास बजरी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तीनों युवक भीलवाड़ा शहर में कपड़े की दुकान पर काम खत्म करने के बाद अपने गांव पोंडरास लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे बजरी से भरे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे 25 वर्षीय किशन सिंह का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो युवकों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल नरेंद्र सिंह (28) और करण सिंह (27) को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। देर रात हुए हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। मृतक किशन सिंह के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

अस्पताल के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन, लगाए ‘बजरी माफिया मुर्दाबाद’ के नारे

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ‘बजरी माफिया मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और प्रशासन पर अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बजरी से भरे वाहन लगातार तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर फिर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर इलाके में अवैध बजरी परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय भारी वाहन बेलगाम रफ्तार से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button