तमिलनाडु में ‘थलपति युग’ की शुरुआत, सुपरस्टार से मुख्यमंत्री बने विजय; भव्य समारोह में ली शपथ

नई दिल्ली। तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। फिल्मों के सुपरस्टार से राजनीति में आए थलपति विजय ने चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। टीवीके (TVK) ने वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के साथ सरकार गठन का दावा पेश किया था और अब विजय ने औपचारिक रूप से राज्य की सत्ता संभाल ली है।
सुबह 10 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नेहरू स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ी और हजारों समर्थकों ने अपने नेता का जोरदार स्वागत किया। समारोह में राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस ऐतिहासिक मौके पर पहुंचे और समारोह का हिस्सा बने।
विजय के साथ 9 मंत्रियों ने भी ली शपथ
सूत्रों के अनुसार विजय के साथ उनकी कैबिनेट के 9 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
प्रोटोकॉल के तहत निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था।
ज्योतिष की सलाह पर बदला गया शपथ का समय
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एक दिलचस्प जानकारी भी सामने आई। पहले कार्यक्रम का समय दोपहर 3 बजकर 45 मिनट तय किया गया था, लेकिन बाद में इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक विजय ने ज्योतिषीय सलाह और शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए सुबह शपथ लेने का फैसला किया।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मिला सरकार बनाने का न्योता
इससे पहले 9 मई को विजय ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की थी और टीवीके विधायक दल का नेता चुने जाने का औपचारिक पत्र सौंपा था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
अब नई सरकार को 13 मई 2026 तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। राजनीतिक हलकों में इसे तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर भावुक हुए एस.ए. चंद्रशेखर
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके पिता और मशहूर फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर भी बेहद भावुक नजर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह इस पल से बेहद खुश हैं और उन्होंने अपने बेटे के लिए जो सपना देखा था, वह आज पूरा हो गया।
उन्होंने कहा कि विजय के नेतृत्व में तमिल जनता की उम्मीदों को नई दिशा और नई सफलता मिलेगी।



