
PM मोदी की अपील पर मायावती ने जताई चिंता, बोलीं- ऊर्जा संकट और महंगाई से आम जनता पर बढ़ेगा बोझ
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से संयम बरतने की अपील पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री की यह अपील इस ओर संकेत करती है कि देश के सामने ऊर्जा संकट और आर्थिक दबाव गहराने की आशंका बढ़ रही है।
पेट्रोल-डीजल ही नहीं, आर्थिक संकट का भी खतरा
मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को केवल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस जैसे पेट्रोलियम पदार्थों तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार इससे यह संकेत भी मिलता है कि आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ सकता है।
महंगाई का सीधा असर आम लोगों पर पड़ने की आशंका
बसपा प्रमुख ने कहा कि यदि मौजूदा हालात लंबे समय तक बने रहते हैं तो इसका असर करोड़ों भारतीयों के जीवन पर पड़ेगा। बढ़ती महंगाई और ऊर्जा संकट का सबसे ज्यादा प्रभाव आम जनता, खासकर गरीब और मेहनतकश वर्ग पर दिखाई देगा।
कोरोना के बाद पहले से दबाव में है गरीब तबका
मायावती ने कहा कि कोरोना काल के दौरान देश की बड़ी आबादी पहले ही आर्थिक परेशानियों और रोजी-रोटी के संकट का सामना कर चुकी है। ऐसे में अब लोगों के पास अतिरिक्त बोझ सहने की गुंजाइश बहुत कम बची है।
सरकारों से राहत के उपाय करने की मांग
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। मायावती के मुताबिक सरकारों को ऐसे समय में जनता का सहारा बनना चाहिए, क्योंकि यही जनहित और देशहित दोनों के लिए जरूरी है।



