उत्तर प्रदेशराज्य

प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर, CM योगी समेत कई दिग्गज नेताओं ने जताई संवेदना, अखिलेश यादव ने साझा किया भावुक संदेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भाई के निधन पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “श्री प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!” इसके साथ उन्होंने प्रतीक यादव की एक तस्वीर भी साझा की।

शिवपाल यादव ने बताया ‘बेहद दुखद’

सपा के वरिष्ठ नेता और प्रतीक यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इसे परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी यादव परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं और प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

डिप्टी CM और भाजपा नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी यादव परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतीक यादव के निधन को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शोक जताते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी जताया दुख

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने यादव परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक समाचार है।

इसी बीच उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने भी प्रतीक यादव के निधन को दुखद बताया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आजकल कम उम्र में दिल का दौरा पड़ने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय हैं।

संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ निधन

प्रतीक यादव की मौत को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। उनके निधन की परिस्थितियों को लेकर चर्चा तेज है और मामले की जांच की मांग भी सामने आ चुकी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button