
यूपी में मौसम बना मौत का कारण, आंधी-तूफान और बारिश से 56 लोगों की गई जान, कई जिलों में भारी तबाही
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश के कई जिलों में दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा असर प्रयागराज और भदोही में देखने को मिला, जहां कई परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिर गईं, जबकि कई लोग मलबे में दब गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश दिया है कि सभी पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा तबाही
प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिली रिपोर्ट के अनुसार प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 लोगों की मौत हुई है। जिला प्रशासन के मुताबिक हंडिया क्षेत्र में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3, मेजा में 2 और सदर इलाके में एक व्यक्ति की जान गई।
वहीं भदोही में आंधी-तूफान और बारिश से 16 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन का कहना है कि नुकसान का पूरा आंकड़ा अभी जुटाया जा रहा है।
फतेहपुर में दीवार और मकान गिरने से गई 9 लोगों की जान
फतेहपुर में मौसम का कहर बेहद भयावह रहा। अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी के मुताबिक जिले में 9 लोगों की मौत हुई और 16 लोग घायल हुए हैं। खागा तहसील में पांच महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हुई, जबकि सदर तहसील में घर की दीवार गिरने से एक महिला ने दम तोड़ दिया।
प्रतापगढ़ में शेड और दीवारें बनीं मौत की वजह
प्रतापगढ़ में आंधी-तूफान के दौरान अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के अनुसार लालगंज कोतवाली क्षेत्र में सीमेंट की शेड गिरने से एक युवक मलबे में दब गया, जबकि अन्य घटनाओं में दीवार गिरने और तेज आंधी के कारण लोगों की जान चली गई।
कानपुर देहात में बिजली गिरने से युवती की मौत
कानपुर देहात में आकाशीय बिजली गिरने से 19 वर्षीय युवती रुचि की मौत हो गई। वह बारिश के दौरान बकरियों के साथ पेड़ के नीचे खड़ी थी, तभी बिजली गिर गई। इस हादसे में कई बकरियों की भी मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग घायल हो गया।
देवरिया और सोनभद्र में भी हादसे
देवरिया में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सोनभद्र में बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। कई अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।



