राजनीतिराष्ट्रीय

RSS नेता के बयान पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया, बोला- ‘भारत में संवाद की आवाजें सकारात्मक संकेत’

नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत बहाल करने को लेकर उठ रही आवाजों पर पाकिस्तान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान ने कहा है कि दोनों देशों के बीच शांति, सुरक्षा और साझा समृद्धि के लिए संवाद और रचनात्मक सहयोग बेहद जरूरी है। पाकिस्तान की यह प्रतिक्रिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता दत्तात्रेय होसबाले के हालिया बयान के बाद सामने आई है।

दरअसल, दत्तात्रेय होसबाले ने हाल ही में कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मसम्मान सर्वोपरि हैं, लेकिन भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं करने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों देशों के बीच संवाद की संभावना हमेशा बनी रहनी चाहिए।

पाकिस्तान बोला- भारत में बढ़ रही समझदारी

होसबाले के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत के भीतर संवाद की बात करने वाली आवाजें “सकारात्मक घटनाक्रम” हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान उम्मीद करता है कि भारत में समझदारी और संवाद की सोच आगे बढ़ेगी।

ताहिर अंद्राबी ने कहा, “अब यह देखना होगा कि भारत की ओर से इन आवाजों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।” पाकिस्तान की ओर से इसे दोनों देशों के रिश्तों में संभावित सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

बैक-चैनल बातचीत पर टिप्पणी से बचा पाकिस्तान

प्रेस वार्ता के दौरान जब भारत और पाकिस्तान के बीच कथित बैक-चैनल बातचीत को लेकर सवाल पूछा गया तो पाकिस्तानी प्रवक्ता ने सीधे जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे होने वाली बातचीत स्वभाव से गोपनीय होती है और इस पर सार्वजनिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने यह भी कहा कि इस्लामाबाद कूटनीति, संप्रभुता के सम्मान और सार्थक अंतरराष्ट्रीय संवाद के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान का कहना है कि क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक सद्भाव बनाए रखने के लिए संवाद सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।

मनोज नरवणे ने भी किया था समर्थन

पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे ने भी दत्तात्रेय होसबाले के बयान का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि पड़ोसी देशों के साथ संवाद के विकल्प हमेशा खुले रहने चाहिए, हालांकि राष्ट्रीय सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

LoC और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बोला पाकिस्तान

प्रेस वार्ता में ताहिर अंद्राबी ने नियंत्रण रेखा पर हालात को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

इसके अलावा उन्होंने अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का भी जिक्र किया। पाकिस्तानी प्रवक्ता ने दावा किया कि उनका देश शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान दे रहा है।

Related Articles

Back to top button