राष्ट्रीय

‘मैंने युवाओं को नहीं कहा परजीवी’, ‘कॉकरोच’ टिप्पणी विवाद पर CJI सूर्यकांत की सफाई, बोले- खबरों से हुआ दुख

नई दिल्ली: प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने शनिवार को अपने ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ वाले बयान को लेकर उठे विवाद पर विस्तृत सफाई दी। उन्होंने कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों ने उनकी मौखिक टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया, जिससे यह धारणा बनी कि उन्होंने देश के युवाओं की आलोचना की है। प्रधान न्यायाधीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका बयान युवाओं के खिलाफ नहीं था, बल्कि उन लोगों के लिए था जो फर्जी और जाली डिग्रियों के जरिए प्रतिष्ठित पेशों में प्रवेश कर रहे हैं।

प्रधान न्यायाधीश ने बयान जारी करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर दुख हुआ कि एक हल्के मामले की सुनवाई के दौरान की गई उनकी टिप्पणी को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियों का उद्देश्य केवल उन लोगों की आलोचना करना था, जो नकली डिग्रियों के सहारे कानूनी पेशे और अन्य सम्मानित क्षेत्रों में जगह बना रहे हैं।

फर्जी डिग्री वालों पर था निशाना

सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि उनकी टिप्पणी विशेष रूप से उन व्यक्तियों को लेकर थी जो जाली और फर्जी डिग्रियों के माध्यम से बार यानी कानूनी पेशे में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सिर्फ न्याय व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में भी घुसपैठ कर चुके हैं। प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि इसी संदर्भ में उन्होंने ‘परजीवी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।

यह विवाद शुक्रवार को उस समय शुरू हुआ था, जब वरिष्ठ पद की मांग से जुड़ी एक याचिका की सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश ने एक वकील को फटकार लगाते हुए ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद सोशल मीडिया और मीडिया के कुछ हिस्सों में इसे लेकर बहस शुरू हो गई थी।

‘देश का हर युवा मुझे प्रेरित करता है’

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने अपने बयान में कहा कि यह कहना पूरी तरह निराधार है कि उन्होंने देश के युवाओं को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत के वर्तमान और भविष्य की युवा शक्ति पर गर्व है। सीजेआई ने कहा कि देश का हर युवा उन्हें प्रेरित करता है और वह युवाओं को विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव मानते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय युवाओं में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता है और वह हमेशा युवाओं के प्रति सम्मान और विश्वास रखते हैं।

Related Articles

Back to top button