राजनीतिराष्ट्रीय

रेवंत रेड्डी के BJP में जाने की अटकलें तेज, सांसद बोले- बन सकते हैं अगले शुभेंदु अधिकारी

नई दिल्ली/हैदराबाद: तेलंगाना की राजनीति में बड़ा सियासी हलचल का माहौल बन गया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को लेकर भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। यह चर्चा तब और बढ़ गई जब निजामाबाद से भाजपा सांसद धर्मपुरी अरविंद ने दावा किया कि रेवंत रेड्डी भविष्य में राजनीतिक पाला बदल सकते हैं और भाजपा का हिस्सा बन सकते हैं।

सांसद धर्मपुरी अरविंद ने यहां तक कहा कि रेवंत रेड्डी अगले शुभेंदु अधिकारी बन सकते हैं, जिन्होंने कभी तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। उनके इस बयान के बाद तेलंगाना की सियासत में नई बहस छिड़ गई है।

‘कांग्रेस ने रेवंत को CM बनाकर गलती की’

भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज कर रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाया, जो एक राजनीतिक भूल साबित हो सकती है। अरविंद के अनुसार, आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को तेलंगाना में बड़ी हार का सामना करना पड़ सकता है।

पीएम मोदी के बयान से बढ़ी अटकलें

इन राजनीतिक चर्चाओं को और हवा तब मिली जब हाल ही में हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवंत रेड्डी से कहा था कि “आप जहां पहुंचना चाहते हैं, वहां नहीं पहुंच पाएंगे, बेहतर है मुझसे जुड़ जाएं।” इसी बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

हालांकि, अभी तक न तो मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और न ही कांग्रेस या भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

तेलंगाना की राजनीति में बढ़ी सरगर्मी

इस बयानबाजी के बाद राज्य की राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी है, लेकिन इसके दूरगामी सियासी संकेत भी हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button