पंजाब निकाय चुनाव में मुकाबला हुआ दिलचस्प, नामांकन वापसी के बाद 7623 उम्मीदवार मैदान में; 26 मई को मतदान

चंडीगढ़: पंजाब में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ हो चुकी है। पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत की सीटों के लिए कुल 7623 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। इन प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला 26 मई को होने वाले मतदान में होगा, जबकि मतगणना 29 मई को की जाएगी।
राज्य में आठ नगर निगमों समेत विभिन्न निकायों की 105 सीटों पर चुनाव कराया जाना है। चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन वापसी के बाद कई सीटों पर मुकाबला रोचक हो गया है, वहीं कुछ उम्मीदवार निर्विरोध भी चुन लिए गए हैं।
नगर निगम चुनाव में 1613 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार नगर निगम चुनाव में 386 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसके अलावा चार प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। अब नगर निगम की सीटों पर 1613 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
नगर कौंसिल चुनाव में सबसे ज्यादा प्रत्याशी
नगर कौंसिल चुनाव के लिए सबसे अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 1695 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, जबकि 47 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। इसके बाद अब 5144 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
नगर पंचायत सीटों पर भी कांटे की टक्कर
नगर पंचायत चुनाव में 312 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया है। वहीं 28 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। अब नगर पंचायत की सीटों पर 866 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
10 हजार से ज्यादा आवेदन हुए थे दाखिल
जानकारी के अनुसार निकाय चुनाव के लिए कुल 10809 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। स्क्रूटनी के बाद 10096 उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के योग्य पाया गया था। मंगलवार को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि थी, जिसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की गई।
26 मई को मतदान, 29 मई को आएंगे नतीजे
पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी 105 सीटों पर 26 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 29 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और स्थानीय स्तर पर चुनावी माहौल गर्माने लगा है।



