राष्ट्रीय

‘आर्थिक तूफान के लिए रहें तैयार’, राहुल गांधी का बड़ा बयान—युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को लेकर जताई चिंता

रायबरेली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय एक बड़े आर्थिक संकट का संकेत दे रहा है, जिसके प्रभाव से सबसे ज्यादा आम जनता प्रभावित होगी।

राहुल गांधी ने कहा कि “एक भयंकर आर्थिक तूफान आने वाला है, जिसे रोकना आसान नहीं होगा और ऐसा संकट पहले कभी नहीं देखा गया।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस संभावित नुकसान की मार किस पर पड़ेगी, और खुद ही जवाब देते हुए कहा कि इसका असर न तो बड़े उद्योगपतियों पर होगा और न ही संपन्न वर्ग पर, बल्कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा।

महंगाई और आर्थिक नीतियों पर सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने कई बार सरकार से आर्थिक स्थिति को लेकर सतर्क रहने और तैयारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई में तेज उछाल की संभावना है, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने कहा कि “हम लगातार सरकार से अपील कर रहे हैं कि मजदूरों और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।”

सरकार की विदेश यात्राओं पर भी सवाल

अपने बयान में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याएं नहीं दिख रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे समय में भी प्रधानमंत्री विदेश दौरों पर व्यस्त हैं, जबकि देश के भीतर आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं।

जनता की ताकत को बताया सबसे बड़ा बदलाव

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में बदलाव की असली ताकत जनता के हाथों में है, न कि मीडिया या किसी संस्थान के पास। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने और अपनी आवाज मजबूत करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button