पंजाब

पंजाब में ‘आप’ को मिल रहा जबरदस्त जनसमर्थन, 2027 में रिकॉर्ड जीत दोहराएगी पार्टी: अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली/लुधियाना: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पंजाब में भगवंत मान सरकार के प्रति जनता के बीच जबरदस्त सकारात्मक माहौल है और इसी आधार पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार “प्रो-इनकम्बेंसी” का माहौल बन रहा है, जो आमतौर पर बेहद दुर्लभ होता है।

पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि राज्य में सरकार के कामकाज को लेकर लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और जनता विकास कार्यों की खुलकर सराहना कर रही है।

‘जनता सरकार के काम से संतुष्ट, विपक्ष के पास मुद्दे नहीं’

केजरीवाल ने कहा कि चार साल सरकार चलने के बाद सामान्यतः एंटी-इनकम्बेंसी देखने को मिलती है, लेकिन पंजाब में स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि यहां प्रो-इनकम्बेंसी का माहौल है और लोग सरकार के काम से संतुष्ट हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वे केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गए हैं।

सरकारी योजनाओं का किया जिक्र

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में फ्री बिजली, किसानों के लिए खेतों तक नहरी पानी की सुविधा, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, और गांवों में बेहतर सड़कें जैसे कई कार्य किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं और जल्द ही महिलाओं के खातों में 1000 रुपये की सहायता राशि भी पहुंचने लगेगी।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास कार्यों की गति पहले से तेज हुई है और जनता इसका लाभ महसूस कर रही है।

2027 चुनाव को लेकर रणनीति तेज

केजरीवाल ने बताया कि अपने दौरे के दौरान वे मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी नेतृत्व के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत बैठकें करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी पिछले चुनावों से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।

Related Articles

Back to top button