राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए राहुल गांधी, बोले- ‘पापा, मजबूत और समृद्ध भारत का सपना जरूर पूरा करूंगा’

नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भावुक नजर आए। राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए पिता को याद किया और कहा कि वह उनके मजबूत, समृद्ध और आधुनिक भारत के सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और मजबूत भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी करूंगा। आपकी सीख, आपके संस्कार और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।” राहुल की इस भावुक पोस्ट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
वीर भूमि पहुंचकर दी गई श्रद्धांजलि
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थित वीर भूमि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रियंका गांधी के बच्चे मिराया और रेहान वाड्रा भी श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए।
खड़गे ने बताया आधुनिक भारत का शिल्पी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रखने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवा भारत की ताकत पर भरोसा जताते हुए मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की। पंचायतों को अधिकार देकर लोकतंत्र को गांव-गांव तक मजबूत किया और दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी तथा कम्प्यूटरीकरण के जरिए भारत को नई दिशा दी।
खड़गे ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक भागीदारी और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में भी राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि शांति और संवाद के जरिए देश को स्थिरता देने के उनके प्रयास हमेशा याद किए जाएंगे।
नई शिक्षा और टेक्नोलॉजी मिशन की भी हुई चर्चा
कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के कार्यकाल में शुरू की गई नई शिक्षा नीति, नई स्वास्थ्य नीति, आवास नीति और सिंचाई नीति का भी उल्लेख किया। साथ ही पेयजल, टीकाकरण, साक्षरता, बाढ़ नियंत्रण, दुग्ध उत्पादन और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों में शुरू किए गए टेक्नोलॉजी मिशन को भारत के आधुनिकीकरण की बड़ी पहल बताया गया।
हुड्डा और गहलोत ने भी किया याद
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने राजीव गांधी को युवाओं के लिए उम्मीद का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने पीढ़ियों से देश के लिए बलिदान दिया है और राजीव गांधी भारतीय युवाओं के प्रेरणास्रोत थे।
वहीं अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी उस दौर में 21वीं सदी के भारत की बात करने वाले पहले नेताओं में शामिल थे। उनका विजन था कि भारत विज्ञान, तकनीक और आधुनिकता के क्षेत्र में दुनिया के बराबर खड़ा हो।
भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे राजीव गांधी
राजीव गांधी 1984 में अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 40 साल की उम्र में देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे। वह 1989 तक प्रधानमंत्री रहे। वर्ष 1991 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी रैली के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम के आत्मघाती हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी।



