Twisha Sharma केस में बड़ा खुलासा, मौत से पहले सैलून पहुंची थीं ट्विशा; सामने आया आखिरी CCTV फुटेज

भोपाल: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के दौरान एक नया और अहम सुराग सामने आया है। पुलिस को अब मौत से कुछ समय पहले का एक CCTV फुटेज मिला है, जिसमें ट्विशा अपने ससुराल से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक ब्यूटी सैलून में नजर आ रही हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद जांच को नया एंगल मिल गया है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में ट्विशा सैलून में हेड मसाज कराती हुई दिखाई दे रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उस दौरान उनका व्यवहार सामान्य नजर आ रहा था। यही वजह है कि पुलिस अब उनकी मानसिक स्थिति और घटना वाले दिन की गतिविधियों को नए तरीके से खंगाल रही है। जांच टीम ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल शुरू कर दी है।
सैलून मालिक ने बताई पूरी कहानी
सैलून संचालिका किरण परिहार ने पुलिस को बताया कि ट्विशा उनकी नियमित ग्राहक थीं। उन्होंने कहा कि ट्विशा करीब नौ महीने बाद सैलून आई थीं। सैलून मालिक के मुताबिक, ट्विशा की सास भी लंबे समय से उनकी ग्राहक रही हैं।
किरण परिहार ने यह भी खुलासा किया कि घटना के बाद ट्विशा की सास ने उनसे संपर्क कर उस दिन की विजिट टाइमिंग और CCTV रिकॉर्डिंग की जानकारी मांगी थी। उन्होंने बताया कि उस दिन ट्विशा ने कोई भुगतान नहीं किया था, क्योंकि उनके पास पहले से प्रीपेड पैकेज मौजूद था, जिसे उन्होंने परिवार के एक कार्यक्रम के लिए लिया था।
सैलून संचालिका के अनुसार, बाद में कुछ लोग वहां पहुंचे और खुद को कानूनी टीम से जुड़ा बताते हुए फुटेज मांगा। इसके बाद तकनीशियन की मदद से रिकॉर्डिंग निकालकर जांच एजेंसियों को सौंप दी गई।
ट्रेन टिकट से जांच को मिला नया मोड़
जांच में यह बात भी सामने आई है कि ट्विशा शर्मा ने 12 मई की सुबह भोपाल से जयपुर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक कराया था। जानकारी के मुताबिक, वह 15 मई को अजमेर जाने की योजना बना रही थीं, जहां उनके भाई तैनात हैं।
इस खुलासे के बाद परिवार ने दावा किया है कि ट्विशा भविष्य की योजनाएं बना रही थीं। ऐसे में आत्महत्या की आशंका पर अब नए सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल चैट ने बढ़ाई हलचल
मामले के बीच एक कथित व्हाट्सऐप चैट भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि इस चैट में ट्विशा ने अपनी मां से घर के माहौल में घुटन महसूस होने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने अब तक इस चैट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पति समर्थ सिंह गिरफ्तार
इधर, मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को कई दिनों की तलाश के बाद जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे भोपाल लेकर आई है और फिलहाल कटारा हिल्स थाने में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है।
पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड मांगने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले में विस्तृत पूछताछ की जा सके और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पूरी की जा सके।



