उत्तराखंड

भीषण गर्मी के बीच बदला उत्तराखंड का मौसम, IMD का अलर्ट; बारिश-आंधी और बर्फबारी के आसार

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई पहाड़ी जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।

मौसम विभाग ने खासतौर पर पहाड़ी इलाकों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है।

तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में फिर 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

मैदानी इलाकों में गर्मी का कहर जारी

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को हरिद्वार के रुड़की में सबसे अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि नैनीताल के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

23 मई का मौसम पूर्वानुमान

शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है।

24 मई को इन जिलों में बदल सकता है मौसम

रविवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रह सकता है।

25 मई को भी जारी रहेगा मौसम का असर

सोमवार को भी देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

राजधानी देहरादून में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी देहरादून में शनिवार को मौसम साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल बनने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे पहले शुक्रवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button