देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। विभाग ने वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई है।
28 मई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
29 मई को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
29 मई के लिए मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की भी चेतावनी दी गई है।
30 और 31 मई को येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, सतर्कता के निर्देश
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
प्रदेशवासियों से अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




