अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका में भीषण औद्योगिक हादसा, पेपर मिल में फटा 19 लाख लीटर क्षमता वाला केमिकल टैंक… 11 लोगों की मौत, कई घायल

वॉशिंगटन: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य से एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है, जहां लॉन्गव्यू शहर स्थित एक पेपर मिल में रसायन से भरे विशाल टैंक में विस्फोट होने के बाद बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा लॉन्गव्यू शहर में स्थित ‘निप्पॉन डायनावेव पैकेजिंग कंपनी’ में हुआ। बताया जा रहा है कि कागज निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल से भरा करीब 19 लाख लीटर क्षमता वाला टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया और कुछ ही पलों में ढह गया। हादसे को हाल के दशकों में अमेरिका के सबसे गंभीर औद्योगिक हादसों में से एक माना जा रहा है।

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, कई कर्मचारी मलबे में दबे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में कंपन महसूस किया गया। टैंक गिरने के बाद फैक्ट्री परिसर में भगदड़ मच गई और कई कर्मचारी मलबे तथा रसायनों की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि राहत कार्य बेहद सावधानी के साथ किया जा रहा है, क्योंकि आसपास अब भी खतरनाक रसायन मौजूद हैं और ढांचे के दोबारा गिरने का खतरा बना हुआ है। मृतकों के शवों को बाहर निकालने के बाद उन्हें रासायनिक प्रभाव से मुक्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

घायलों में दमकलकर्मी भी शामिल

हादसे में घायल हुए लोगों में एक दमकलकर्मी भी शामिल बताया जा रहा है। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि कुछ को सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।

पर्यावरण पर असर को लेकर जांच जारी

जापानी मूल की कंपनी निप्पॉन पेपर ग्रुप ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आसपास की हवा और पेयजल पर किसी बड़े प्रभाव की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ मात्रा में रासायनिक प्रदूषण नदी तक पहुंचने की बात सामने आई है।

अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पर्यावरण पर किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button